अमित शाह समेत व अन्य ने लोकनायक जेपी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह समेत व अन्य ने लोकनायक जेपी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमित शाह ने एक्स पर लिखा, लोकतंत्र के सजग प्रहरी लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। जब कांग्रेस के सत्ता-अहंकार ने देश पर आपातकाल थोपा और लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की, तब लोकनायक करोड़ों देशवासियों की आवाज़ बनकर निडरता से खड़े रहे। जेल की यातनाएं भी उन्हें उनके संकल्प से डिगा नहीं सकीं और 'संपूर्ण क्रांति' के उनके आह्वान के आगे इंदिरा गांधी की तानाशाही सरकार को झुकना पड़ा। जयप्रकाश नारायण जी का जीवन-दर्शन हर देशभक्त के लिए प्रेरणा का एक अक्षय स्रोत है।

नितिन गडकरी ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने एक जनसेवक के रूप में अपना संपूर्ण जीवन देशहित में समर्पित कर दिया। आपातकाल के दौरान, उन्होंने अराजकता और अन्याय के विरुद्ध देश को एकजुट किया और इसके प्रबल स्वर बने। उनके विचार सदैव सभी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि 'संपूर्ण क्रांति' के माध्यम से लोकनायक जयप्रकाश ने जन-जन में लोकतांत्रिक चेतना जगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष की भावना का संचार किया। उन्होंने जन-भागीदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शुचिता पर बल देते हुए भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के प्रतीक के रूप में उभरते हुए, जयप्रकाश जी ने राष्ट्र-कल्याण के लिए युवाओं को संगठित किया। देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि को समर्पित करने वाले राष्ट्र के ऐसे महान सेवकों का त्याग, संघर्ष और उनके आदर्श सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आपातकाल के कठिन दौर में, उन्होंने लोगों को लोकतंत्र की शक्ति से अवगत कराया और लोकतंत्र की बहाली का मार्ग प्रशस्त किया। आपके ओजस्वी विचार और आदर्श जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैसमंत्री हरदीप सिहं पुरी ने कहा कि जेपी आंदोलन ने इमरजेंसी के दौरान भारतवासियों की आवाज़, हौसले और शक्ति को बुलंद किया और तत्कालीन सरकार को झकझोर दिया था।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारितामंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र के सजग प्रहरी और ‘संपूर्ण क्रांति’ के प्रणेता भारतरत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन। राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनमानस के अधिकारों के लिए समर्पित आपका संघर्षपूर्ण जीवन त्याग, साहस और लोकसेवा की भावना का अप्रतिम उदाहरण है। आपका व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव भावी पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

केन्द्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की बहाली के लिए उनका त्याग, संघर्ष और मार्गदर्शन देश सेवा के लिए आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story