मदनी ने असम के मुख्यमंत्री के बयान को बताया संविधान पर हमला और फासीवादी सोच का उदाहरण

WhatsApp Channel Join Now
मदनी ने असम के मुख्यमंत्री के बयान को बताया संविधान पर हमला और फासीवादी सोच का उदाहरण


नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के हालिया बयान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इस प्रकार के वक्तव्य न केवल खुले तौर पर हिंसा और नफरत को बढ़ावा देने वाले हैं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक और संवैधानिक ढांचे पर सीधा हमला भी हैं।

मौलाना मदनी ने कहा कि किसी विशेष समुदाय को भयभीत करना, उसके मताधिकार को छीनने की धमकी देना और उसके खिलाफ आर्थिक शोषण को प्रोत्साहित करना, खुले फासीवाद और सामूहिक दंड की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी सोच किसी भी सभ्य, लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था में पूरी तरह अस्वीकार्य है।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इन बयानों को मात्र राजनीतिक बयानबाज़ी या चुनावी रणनीति मानकर नज़रअंदाज़ करना, लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों से समझौता करने के समान होगा। मौलाना मदनी ने मांग की कि इस तरह के भड़काऊ और विभाजनकारी बयानों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और यह स्पष्ट संदेश दिया जाए कि भारत में न तो कोई व्यक्ति क़ानून से ऊपर है और न ही कोई पद नफरत फैलाने का अधिकार प्रदान करता है।

मौलाना मदनी ने कहा कि यदि किसी राज्य का मुख्यमंत्री स्वयं यह स्वीकार करे कि वह प्रशासनिक और सरकारी तंत्र को किसी समुदाय के विरुद्ध हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, लोगों को झूठी शिकायतें दर्ज कराने, निराधार आपत्तियां उठाने और सुनियोजित रूप से उत्पीड़न के लिए उकसा रहा है, तो यह राज्य शक्ति का घोर दुरुपयोग है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान एक समुदाय के विरुद्ध खुले तौर पर हिंसा को वैध ठहराने का प्रयास हैं, जिससे पूरे लोकतांत्रिक ढांचे की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीअत उलमा-ए-हिंद इस मामले को किसी एक राज्य तक सीमित विषय नहीं मानती, बल्कि इसे देश की लोकतांत्रिक सेहत से जुड़ा एक अत्यंत गंभीर राष्ट्रीय मुद्दा मानती है। यदि आज एक राज्य में किसी समुदाय को निशाना बनाने की छूट दी जाती है, तो कल यही रवैया किसी अन्य समुदाय के विरुद्ध भी अपनाया जा सकता है। मौलाना मदनी ने सभी संवैधानिक संस्थाओं, विशेष रूप से निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका और नागरिक समाज से अपील की कि वे मूक दर्शक बने रहने के बजाय अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि नफरत, विभाजन और भय की राजनीति करने वालों को समय रहते रोका जा सके और लोकतंत्र की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद

Share this story