जमीअत उलमा-ए-हिंद की कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुरू
- मदरसों की सुरक्षा, समान नागरिक संहिता, सामाजिक सुधार एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर होंगे अहम फैसले
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। जमीअत उलमा-ए-हिंद की कार्यकारिणी की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर जमीअत के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक में देश और समुदाय के समक्ष उपस्थित महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, सामुदायिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श जारी है।
बैठक के प्रारंभ में जमीअत उलमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना हकीमुद्दीन कासमी ने पिछली कार्यवाही का ब्योरा दिया। उसके अनुमोदन के बाद विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर चरणबद्ध चर्चा का सिलसिला शुरू हुआ।
बैठक में मदरसों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपायों, समान नागरिक संहिता के नाम पर संवैधानिक अधिकारों को सीमित करने की कोशिशों, सामाजिक सुधार के लिए आवश्यक कदमों तथा मध्य पूर्व की वर्तमान स्थिति पर गंभीर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त देश में सांप्रदायिक राजनीतिक दलों के समर्थन और उनके साथ सहभागिता के मुद्दे पर जमीअत उलमा-ए-हिंद की पुरानी और सिद्धांत आधारित नीति की रोशनी में संगठन का स्पष्ट और प्रभावी रुख सामने लाया जाएगा, ताकि जमीयत से जुड़े कार्यकर्ताओं को उचित मार्गदर्शन मिल सके।
बैठक के प्रथम सत्र में अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी और महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी के अलावा दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, उपाध्यक्ष मौलाना मोहम्मद सलमान बिजनौरी, कोषाध्यक्ष मौलाना कारी शौकत अली, स्थायी समिति के अध्यक्ष मौलाना रहमतुल्लाह कश्मीरी, नायब अमीर-ए-हिंद मौलाना मुफ्ती सैयद मोहम्मद सलमान मंसूरपुरी, मौलाना मुफ्ती सैयद मोहम्मद अफ्फान मंसूरपुरी, मौलाना अब्दुल क़वी हैदराबाद, मौलाना अब्दुल्लाह मारूफी, मौलाना नियाज़ अहमद फारूकी, हाजी मोहम्मद हारून, मौलाना मोहम्मद इब्राहीम (केरल), मौलाना अब्दुल कादिर (असम), मुफ्ती मोहम्मद जावेद इक़बाल, मौलाना मोहम्मद नाज़िम, मौलाना यह्या करीमी, मौलाना रफीक अहमद मजाहिरी, मौलाना मोहम्मद आकिल, मुफ्ती मोहम्मद राशिद आज़मी, मुफ्ती अब्दुर्रज़ाक अमरोहवी, मौलाना अब्दुल कुद्दूस पालनपुरी, मौलाना कलीमुल्लाह कासमी, हाफिज उबैदुल्लाह, हाफिज नदीम सिद्दीकी, मौलाना सिराजुद्दीन चिश्ती, मुफ्ती इफ्तिखार अहमद कासमी, मौलाना शम्सुद्दीन बजली, मौलाना सैयद सईद हबीब अहमद, डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी तथा मौलाना अशफाक अहमद काज़ी सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अब्दुल वाहिद
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid

