जल शक्ति मंत्री ने जल संसाधन परियोजनाओं की समीक्षा कर काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जल शक्ति मंत्री ने जल संसाधन परियोजनाओं की समीक्षा कर काम में तेजी लाने के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की राह में आने वाली बाधाओं की पहचान कर उन्हें जल्द दूर करने और निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जल शक्ति राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी भी मौजूद रहे।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में विभाग के विभिन्न प्रभागों और संगठनों ने अपनी चल रही परियोजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें बाढ़ प्रबंधन प्रभाग, फरक्का बैराज परियोजना, राष्ट्रीय जल मिशन, कमान क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन का आधुनिकीकरण (एम-कैडडब्ल्यूएम), बेसिन प्रबंधन, राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी, केन-बेतवा लिंक परियोजना प्राधिकरण, ब्रह्मपुत्र नदी संबंधी मामले, ब्रह्मपुत्र बोर्ड, लघु सिंचाई सांख्यिकी और राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान शामिल हैं।

बैठक में बाढ़ प्रबंधन एवं सीमावर्ती क्षेत्र कार्यक्रम के तहत चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा की गई। फरक्का बैराज के गेट बदलने और कटाव रोकने के उपायों से जुड़े काम तथा इनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय जल मिशन की प्राथमिक गतिविधियों और पहलों की स्थिति की जानकारी ली गई।

उन्होंने कमान क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन के आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत 35 पायलट समूहों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। केन-बेतवा लिंक परियोजना की स्थिति के साथ लिंक नहर और दौधन बांध के काम पर भी चर्चा हुई। ब्रह्मपुत्र बोर्ड की ओर से मास्टर प्लान और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रगति की जानकारी दी गई।

बैठक में लघु सिंचाई सांख्यिकी कार्यक्रम के तहत जारी चार जनगणनाओं की प्रगति और राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के प्रमुख कार्यक्रमों के लक्ष्य तथा उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।

पाटिल ने अधिकारियों और संबंधित संगठनों के प्रमुखों को बैठक में लिए गए निर्णयों पर प्रभावी तरीके से अमल करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजनाएं तय समय में पूरी हो सकें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767544 Articles

Share this story