विश्व जल दिवस पर दिल्ली में होगा सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
विश्व जल दिवस पर दिल्ली में होगा सम्मेलन


नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय विश्व जल दिवस (22 मार्च) के उपलक्ष्य में 23 मार्च को यहां के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में उच्चस्तरीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। इस वर्ष के सम्मेलन का मुख्य विषय “जल के लिए उद्योग” होगा।

मत्रालय के मुताबिक सम्मेलन का उद्घाटन सुबह 10 बजे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल करेंगे। कार्यक्रम में नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, स्टार्टअप्स और एमएसएमई सहित विभिन्न क्षेत्रों के 700 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

उद्घाटन सत्र में डेटा-आधारित जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए कई रिपोर्ट जारी किए जाएंगे। इनमें लघु सिंचाई जनगणना (सातवीं) एवं जल निकायों की दूसरी जनगणना, देश में झरनों और प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई परियोजनाओं की पहली जनगणना रिपोर्ट, राष्ट्रीय जल डेटा नीति तथा विभिन्न तकनीकी प्रकाशन और औद्योगिक जल उपयोग दक्षता पर सर्वोत्तम प्रथाओं का एक विशेष संकलन शामिल है।

सम्मेलन के दौरान 'जल शक्ति हैकाथॉन' के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चार विशेष तकनीकी सत्रों में कई विषयों पर चर्चा होगी। इनमें कीचड़ प्रबंधन, स्मार्ट तकनीक, जलवायु अनुकूलन, डेटा का उपयोग और उद्योगों का संकल्प शामिल है।

मंत्रालय के मुताबिक सम्मेलन का उद्देश्य उद्योगों को जल के जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करना है। सत्र का समापन एक 'संयुक्त उद्योग घोषणापत्र' के साथ होगा जो सतत जल प्रबंधन के प्रति निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।

उल्लेखनीय है कि विश्व जल दिवस का मुख्य लक्ष्य सतत विकास लक्ष्य 6 की प्राप्ति है ताकि 2030 तक सभी के लिए सुरक्षित जल और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story