एक लाख युवा बनेंगे 'नल जल मित्र', गांवों में संभालेंगे जलापूर्ति की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
एक लाख युवा बनेंगे 'नल जल मित्र', गांवों में संभालेंगे जलापूर्ति की जिम्मेदारी


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ग्रामीण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित करेगी। जल जीवन मिशन 2.0 के तहत इन युवाओं को 'नल जल मित्र' के रूप में तैयार किया जाएगा, जो गांवों में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इस पर जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय ने बुधवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक केके मीणा ने कहा कि देश में करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से जल की सुविधा मिल चुकी है। अब इन जलापूर्ति योजनाओं के दीर्घकालिक संचालन और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के तहत कम से कम एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया जाएगा। इसपर करीब 111.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसकी पूरी राशि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग वहन करेगा। प्रशिक्षण 165 घंटे का होगा, जिसमें 120 घंटे संस्थागत प्रशिक्षण और 45 घंटे कार्यस्थल पर व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल है।

यह पाठ्यक्रम सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) में फिटर और प्लंबर ट्रेड के वर्तमान तथा पूर्व प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध होगा। इसमें प्लंबिंग, जल वितरण प्रणाली, पंप-मोटर, बुनियादी विद्युत कार्य और जल गुणवत्ता की निगरानी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को अल्पकालिक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र के साथ राष्ट्रीय ट्रेड प्रमाणपत्र भी मिलेगा।

प्रमाणित युवाओं का डेटाबेस जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी जरूरत के अनुसार उनकी सेवाएं ले सकें। कार्यक्रम के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए संयुक्त संचालन समिति भी गठित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783219 Articles

Share this story