जैसलमेर में मिला प्राकृतिक गैस का नया भंडार, डांडेवाला फील्ड में बढ़ी ऊर्जा क्षेत्र की उम्मीदें

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर में मिला प्राकृतिक गैस का नया भंडार, डांडेवाला फील्ड में बढ़ी ऊर्जा क्षेत्र की उम्मीदें


जैसलमेर, 25 मई (हि.स.)। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले में प्राकृतिक गैस का नया भंडार मिलने से देश के ऊर्जा क्षेत्र को बड़ी सफलता मिली है। जैसलमेर के डांडेवाला क्षेत्र में सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने जमीन से करीब 950 मीटर गहराई पर स्थित ‘सानू फॉर्मेशन’ से पहली बार प्राकृतिक गैस का सफल बहाव हासिल किया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

परीक्षण के दौरान यहां से प्रतिदिन करीब 25 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस उत्पादन मापा गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह गैस उच्च गुणवत्ता वाली है और इसमें कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा बेहद कम है, जिससे इसे पर्यावरण के लिहाज से स्वच्छ ईंधन माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश के भीतर प्राकृतिक गैस का नया स्रोत मिलने से भारत की विदेशी तेल और गैस आयात पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने ऑयल इंडिया लिमिटेड के वैज्ञानिकों और तकनीकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह खोज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन को मजबूती देगी।

उन्होंने कहा कि जैसलमेर में मिली यह सफलता देश में स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प बढ़ाने में मददगार साबित होगी, जिसका लाभ घरेलू उपयोग के साथ उद्योगों को भी मिलेगा।

डांडेवाला फील्ड में अब तक गहरे कुओं से गैस उत्पादन होता रहा है, लेकिन पहली बार अपेक्षाकृत कम गहराई पर स्थित ‘सानू फॉर्मेशन’ से गैस का सफल प्रवाह हासिल किया गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार सानू फॉर्मेशन बलुआ पत्थर और गाद की चट्टानों से बनी ऐसी भूगर्भीय परत है, जो प्राकृतिक गैस और तेल को सुरक्षित रखने की क्षमता रखती है।

करीब 950 मीटर की गहराई पर मिले इस नए गैस ब्लॉक को डांडेवाला क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण नई खोजों में माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story