डॉ. सज्जन सिंह यादव जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1995 बैच के अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वह अटल डुल्लू का स्थान लेंगे। उनकी नियुक्ति एक नवंबर से अथवा उनके कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव का दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तबादला किया गया है।

यादव फिलहाल दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत हैं। वह दिल्ली सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर भी हैं। जून 2026 से उनके पास अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) और दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी है।

यादव को इससे पहले केंद्र सरकार में सचिव या समकक्ष पद पर नियुक्ति के लिए सूचीबद्ध किया गया था। 31 मार्च 2026 को उन्हें वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया था। हालांकि, 03 जून 2026 को उन्हें उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया था।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब जम्मू-कश्मीर के मौजूदा मुख्य सचिव अटल डुल्लू का विस्तारित कार्यकाल पूरा होने वाला है। डुल्लू 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। यादव केंद्र शासित प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story