देवघर पहुंचे ईशान किशन, बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका माथा, वैभव सूर्यवंशी को बताया स्पेशल टैलेंट

WhatsApp Channel Join Now
देवघर पहुंचे ईशान किशन, बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका माथा, वैभव सूर्यवंशी को बताया स्पेशल टैलेंट


देवघर, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर और विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले ईशान किशन इस दौरान पूरी तरह भक्ति के रंग में नजर आए।

बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद ईशान किशन ने अपनी धार्मिक आस्था साझा करते हुए कहा कि जब भी जीवन में कोई महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल करना होता है या किसी बड़े उद्देश्य की ओर कदम बढ़ाना होता है, तो वह बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने जरूर पहुंचते हैं। बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है और यहां आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की।

इस दौरान ईशान किशन ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की भी जमकर सराहना की। उन्होंने वैभव को स्पेशल टैलेंट बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस तरह वह मैदान पर उतरकर बड़े-बड़े गेंदबाजों का सामना कर रहा है, वह असाधारण है। उसकी बल्लेबाजी में बेखौफ अंदाज और जबरदस्त आत्मविश्वास नजर आता है। उन्होंने कहा कि वैभव आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का भविष्य बन सकता है। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

उल्लेखनीय है कि ईशान किशन भारतीय क्रिकेट के चर्चित विकेटकीपर बल्लेबाजों में शामिल हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले ईशान ने वर्ष 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में महज 126 गेंदों पर 200 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए थे।

वहीं भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन के आगमन की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में क्रिकेट प्रेमियों और समर्थकों की भीड़ जुट गई। प्रशंसक अपने चहेते क्रिकेटर की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर लेने के लिए उत्साहित दिखे। ईशान किशन का देवघर आगमन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story