पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल, कोलकाता सहित कई जिलों में तबादले
कोलकाता, 31 जनवरी (हि.स.)।पश्चिम बंगाल पुलिस में एक बार फिर बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी राज्य सचिवालय नबान्न ने कोलकाता समेत राज्य पुलिस के विभिन्न पदों पर तैनात कुल 27 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इनमें मुर्शिदाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक के तबादले को लेकर सबसे अधिक चर्चा है।
हाल के बेलडांगा हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद के एसपी सनी राज को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह धृतिमान सरकार को जिले का नया एसपी बनाया गया है। धृतिमान सरकार इससे पहले झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे जिलों में पुलिस की कमान संभाल चुके हैं और सख्त प्रशासन के लिए जाने जाते रहे हैं। हालांकि, नबान्न सूत्रों का कहना है कि यह तबादला रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा है। सनी राज को एसएस, इंटेलिजेंस ब्यूरो के पद पर भेजा गया है। संयोग से, शनिवार को ही बेलडांगा हिंसा मामले की जांच एनआईए ने शुरू की है।
दूसरी ओर इसी दिन पीयूष पांडे ने राज्य पुलिस के नए डीजी के रूप में कार्यभार संभाला, जबकि सुप्रतिम सरकार ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।
मुर्शिदाबाद के अलावा विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव किया गया है। युवभारती में मेसीकांड के बाद निलंबित किए गए डीसी अनीश सरकार की जगह पुष्पा को नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले हावड़ा रेल पुलिस की एसपी थीं।
इस बीच, अमित पी जावलगी को बर्दवान रेंज से हटाकर बारासात रेंज का आईजी बनाया गया है। बारासात रेंज की जिम्मेदारी संभाल रहे आलोक राजोरिया को बर्दवान भेजा गया है।
कोलकाता पुलिस में भी 24 घंटे के भीतर कई अहम तबादले किए गए हैं। डीसी (दक्षिण) के पद पर दीपक सरकार को नियुक्त किया गया है। इस पद पर तैनात प्रियमब्रत राय को बारासात का एसपी बनाया गया है। डीसी (दक्षिण उपनगर) विदिशा कलिता दासगुप्ता को बनगांव का एसपी बनाया गया है, जबकि उनके स्थान पर चारु शर्मा को लाया गया है। जसमीत सिंह को डीसी (पूर्व) की जिम्मेदारी दी गई है। बनगांव के एसपी दिनेश कुमार को डीसी (उत्तर) बनाया गया है। अमित वर्मा को डीसी (पूर्व उपनगर) नियुक्त किया गया है।
अन्य तबादलों में सुंदरबन पुलिस जिले के एसपी के रूप में विश्वचांद ठाकुर की नियुक्ति की गई है। बारासात की एसपी प्रतिक्षा झारखरिया को दार्जिलिंग का एसपी बनाया गया है। ज्योतिर्मय राय को विधाननगर कमिश्नरेट में डीसी (न्यूटाउन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बेलडांगा हिंसा का मामला इस फेरबदल के केंद्र में रहा। झारखंड में मुर्शिदाबाद के प्रवासी श्रमिक अलाउद्दीन शेख की मौत की खबर के बाद बेलडांगा में भारी बवाल हुआ था। 16 जनवरी को शव गांव पहुंचते ही प्रदर्शन भड़क उठा। राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया गया, टायर जलाए गए और पत्रकारों से मारपीट के आरोप भी लगे। अगले दिन भी हालात तनावपूर्ण रहे।
उधर, हाल में आईपैक प्रमुख प्रतीक जैन के घर ईडी की छापेमारी के दौरान सामने आए घटनाक्रम के बाद भी पुलिस महकमे में हलचल देखी गई थी। उस दिन तत्कालीन डीसी (दक्षिण) प्रियमब्रत राय मौके पर पहुंचे थे और उनके साथ धक्का-मुक्की के आरोप लगे थे। कुछ दिनों बाद अब उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

