आईपीएस कृष्ण और अंशिका परिणय सूत्र में बंधे : बाड़मेर से जोधपुर पहुंची बारात

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएस कृष्ण और अंशिका परिणय सूत्र में बंधे : बाड़मेर से जोधपुर पहुंची बारात


जोधपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अफसर कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई और अंशिका वर्मा आज शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने आज जोधपुर में अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। दूल्हे आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई की बारात बाड़मेर से जोधपुर आई। बाड़मेर के धोरीमन्ना स्थित उनके घर से बड़ी धूमधाम के साथ बारात जोधपुर के लिए रवाना हुई। इससे पहले तमाम घर पर पारम्परिक रस्मों को निभाया गया।

संभल एसपी केके बिश्नोई दूल्हा बनकर अपनी बारात के साथ राजस्थान के बाड़मेर से जोधपुर रवाना हुए जहां उन्होंने आज बरेली एसपी आईपीएस अंशिका वर्मा संग सात फेरे लिए। रविवार दोपहर केके बिश्नोई दूल्हा बनकर सज-धज कर घर से बाहर निकले। उन्होंने शेरवानी पहन रखी थी। हाथ में तलवार, काला चश्मा लगाकर बिश्नोई घोड़ी पर बैठे। इससे पहले वो मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उनके घर पर बारात रवानगी की पारंपरिक रीति रिवाज को निभाया गया। इसके बाद वह घर से रवाना हुए। रास्ते में ढोल नगाड़ों की धुन पर घर की महिलाएं झूमते नाचते हुई नजर आई।

तीस मार्च को जोधपुर में शादी के रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है, जहां मेहमान पहुंचेंगे। यूपी के चर्चित इन दोनों आईपीएस की शादी पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर छाई हुई है। सगाई और शादी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे है। बता दे कि कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) 2018 और अंशिका 2021 बैच की आईपीएस अफसर हैं। किसान परिवार से आने वाले आईपीएस केके बिश्नोई बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना के मूल निवासी हैं। बिश्नोई वर्तमान में यूपी के संभल एसपी के पद कार्यरत हैं। वहीं, अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की मूल निवासी हैं। उनके पिता रिटायर्ड इंजीनियर ओर मां गृहिणी हैं। वर्तमान में अंशिका बरेली एसपी (साउथ) के तौर पर कार्यरत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story