भारत मंडपम में 27 नवंबर को होगी आईओआरए मंत्रिपरिषद की बैठक, जयशंकर करेंगे अध्यक्षता

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत की मेजबानी में हिंद महासागर क्षेत्रीय सहयोग संगठन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद की बैठक 27 नवंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें संगठन के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

बैठक से पहले 25 एवं 26 नवंबर को आईओआरए के वरिष्ठ अधिकारियों की समिति (सीएसओ) की 29वीं बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें संगठन के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने और सदस्य देशों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा मलेशिया, सोमालिया, सिंगापुर, मॉरीशस, सेशेल्स, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के भी बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार मलेशिया के उप महासचिव दातो डॉ. अहमद फैसल मुहम्मद 25 नवंबर की रात दिल्ली पहुंचेंगे। सोमालिया के विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्यमंत्री अली मोहम्मद उमर, सिंगापुर के विदेश एवं राष्ट्रीय विकास राज्यमंत्री डेरिल यामिन और मॉरीशस के विदेश मामलों, क्षेत्रीय एकीकरण एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री धनंजय रामफुल 26 नवंबर को पहुंचेंगे।

इसी दिन सेशेल्स के विदेश एवं प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉरे, संयुक्त अरब अमीरात के मंत्री अनवर अनलान, श्रीलंका के विदेश, विदेशी रोजगार एवं पर्यटन मंत्री एचएम विजिता हेराथ, ऑस्ट्रेलिया के हिंद महासागर मामलों के विशेष दूत टिम वाट्स और इंडोनेशिया के उप विदेश मंत्री अरिफ हवास ओएग्रोसेनो के भी नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।

आईओआरए मंत्रिपरिषद संगठन का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है। इसमें सदस्य देशों के विदेश मंत्री शामिल होते हैं। यह संगठन की नीतिगत दिशा और रणनीतिक प्राथमिकताएं तय करने के साथ सदस्य देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग की समीक्षा करता है।

बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, व्यापार, संपर्क, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा क्षेत्र के साझा हितों और चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आईओआरए हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच आर्थिक सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के लिए काम करने वाला संगठन है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story