राष्ट्रपति मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष, गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने दी 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष, गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने दी 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। देशभर में उत्साह और उमंग के साथ मनाए गए 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व एक स्वर में योग के महत्व का संदेश देता नजर आया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने योग को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त राष्ट्र निर्माण का माध्यम बताया।

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित सदर गैरिसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि योग स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज, स्वस्थ राष्ट्र और स्वस्थ विश्व के निर्माण का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लेने की अपील की।

अहमदाबाद में आयोजित योग कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि योग मानवता के लिए भारत का अमूल्य उपहार है, जो मन, शरीर और आत्मा के समग्र कल्याण को बढ़ावा देता है। उन्होंने स्वस्थ, सशक्त और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने का आह्वान किया।

पंजाब के जालंधर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि योग भारतीय ऋषियों द्वारा विश्व को दिया गया एक अनमोल उपहार है, जो शारीरिक और मानसिक संतुलन के साथ आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के संकल्प के साथ योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि योग संतुलन, स्वास्थ्य और आंतरिक शांति का माध्यम है।

मेघालय की राजधानी शिलांग स्थित ईस्टर्न एयर कमांड में आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि योग केवल स्वस्थ शरीर का आधार नहीं, बल्कि संतुलित और संयमित जीवन जीने का मार्ग भी है।

नई दिल्ली के शांतिपथ पर आयोजित योग सत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना है। यह शरीर, मन, आत्मा और परमात्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की प्रक्रिया है तथा केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना की।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सशक्त माध्यम है, जो सकारात्मक और स्वस्थ जीवन की दिशा प्रदान करता है।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि हर आयु वर्ग के लोगों को निरोगी, ऊर्जावान और सक्रिय जीवन के लिए योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि योग स्व से समष्टि की यात्रा है और स्वस्थ जीवन का आधार है।

दिल्ली के साउथ कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य का माध्यम है, जो बेहतर और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करता है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story