आईएनएस चिल्का से 2,756 अग्निवीर भारत की समुद्री सेना का हिस्सा बने

WhatsApp Channel Join Now
आईएनएस चिल्का से 2,756 अग्निवीर भारत की समुद्री सेना का हिस्सा बने

- नौसेना के 286 मेडिकल असिस्टेंट और इंडियन कोस्ट गार्ड के 316 नाविक भी परेड में शामिल हुए

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। आईएनएस चिल्का में शुक्रवार को शानदार पासिंग आउट परेड के बाद 2,756 अग्निवीर नाविक के रूप में भारत की समुद्री सेना का हिस्सा बन गए, जिनमें 142 महिलाएं भी हैं। प्रशिक्षण पूरा करने वाले भारतीय नौसेना के 286 मेडिकल असिस्टेंट और इंडियन कोस्ट गार्ड के 316 नाविक भी परेड में शामिल हुए। नौसेना के इस ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण लेने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा बैच है, जिसमें 3,358 लोगों की ट्रेनिंग एक साथ पूरी हुई है।

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन परेड के मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी थे। इस मौके पर दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना के साथ वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, सिविल और मिलिट्री संस्थानों के जाने-माने लोग, वेटरन, स्टूडेंट्स और पासिंग आउट प्रशिक्षुओं के पारिवारिक सदस्य मौजूद थे। नौसेना प्रमुख ने कहा कि यह परेड प्रशिक्षुओं के करियर में एक अहम पड़ाव थी, जो अब भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल में अनुशासित, काबिल और समुद्री योद्धा के तौर पर शामिल होकर समुद्र में जिन्दगी की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।

आईएनएस चिल्का से पास आउट होने वाले अग्निवीर के इस 9वें बैच ने 16 हफ्ते की कड़ी ट्रेनिंग पूरी की है। भारतीय नौसेना के सबसे बड़े ट्रेनिंग सेंटर आईएनएस चिल्का पर हुई यह पासिंग आउट परेड युवा रंगरूटों को अनुशासित, शारीरिक रूप से फुर्तीला, मानसिक रूप से मजबूत और प्रोफेशनली काबिल समुद्री योद्धा बनाने के लिए डिजाइन की गई। प्रशिक्षण के दौरान इन्हें पढ़ाई, फिजिकल कंडीशनिंग, स्विमिंग, परेड ट्रेनिंग, आउटडोर एक्टिविटीज और कैंप का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा चरित्र निर्माण, नेतृत्व, अनुशासन, भाईचारा और टीमवर्क के साथ ही ड्यूटी, ऑनर और करेज जैसे नेवी के खास मूल्यों को भी सिखाया गया।

पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और कामयाबी का पल रहा, क्योंकि उनके परिवार ट्रेनिंग के सफर के आखिर और एक नए करियर की शुरुआत के गवाह बने। कार्यक्रम में मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और बेस्ट इंस्ट्रक्टर को उनके शानदार परफॉर्मेंस और ट्रेनिंग में योगदान के लिए अवॉर्ड दिए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का भी अनावरण किया गया। पासिंग आउट परेड को नौसेना के ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया गया, जिससे देशभर के लोग इस मौके को देख सके। 

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story