प्रसिद्ध उद्योगपति सी.जे. रॉय ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
प्रसिद्ध उद्योगपति सी.जे. रॉय ने की आत्महत्या


बेंगलुरु, 30 जनवरी (हि.स.)। केरल के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं कन्फिडेंट ग्रुप के अध्यक्ष-संस्थापक सी.जे. रॉय ने शुक्रवार को बेंगलुरु के लैंगफोर्ड टाउन स्थित अपने कार्यालय में आत्महत्या कर ली। कहा जा रहा है कि आयकर विभाग के अधिकारियों की पूछताछ के दौरान उन्होंने पिस्तौल से सीने में गोली मार ली। यह घटना आयकर विभाग की छापेमारी की कार्रवाई के दौरान हुई।

प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार वे पिछले कुछ दिनों से चल रही आयकर विभाग की निरंतर छापेमारी और पूछताछ के कारण गहरे मानसिक तनाव में थे।

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी।

घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह दो इनोवा कारों में सवार आठ सदस्यीय आयकर विभाग की टीम ने सी.जे. रॉय के कार्यालय पर छापा मारा था। दोपहर में अपने कार्यालय पहुंचे रॉय ने करीब एक घंटे तक आयकर अधिकारियों की पूछताछ का सामना किया। कुछ दस्तावेज सौंपने के बाद अन्य कागजात लाने के लिए वे अपने कमरे में गए, उसी दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्वयं को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आयकर विभाग के अधिकारियों ने हथियार छीनकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में शव को एचएसआर लेआउट स्थित नारायण अस्पताल ले जाया गया।

हथियार जब्त न किए जाने पर संदेह

आमतौर पर आयकर छापे के दौरान सभी आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ हथियार भी जब्त किए जाते हैं, लेकिन इस मामले में सी.जे. रॉय के पास पिस्तौल होने के बावजूद उसे पहले जब्त न किए जाने से कई तरह की शंकाएं उत्पन्न हो गई हैं।

उल्लेखनीय है कि सी.जे. रॉय ने कन्फिडेंट ग्रुप की स्थापना कर रियल एस्टेट क्षेत्र में एक बड़ा व्यापारिक साम्राज्य खड़ा किया था। होटल, रिसॉर्ट, इंफ्रास्ट्रक्चर सहित कई क्षेत्रों में समूह का विस्तार था। उन्होंने मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में कुल 11 फिल्मों का निर्माण किया था। मलयालम की सबसे बड़े बजट की फिल्म ‘मरक्कार’ के वे निर्माता रहे। वर्ष 2006 में लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो ‘आइडिया स्टार सिंगर’ को प्रायोजित कर उन्होंने व्यापक पहचान हासिल की थी। इसके अलावा, वे स्लोवाक गणराज्य के मानद कौंसुल के रूप में कर्नाटक और केरल में सेवाएं दे चुके थे।

घटना के संबंध में बेंगलुरु पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story