गणतंत्र दिवस पर अटारी बाॅर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी देखने उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस पर सोमवार को अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी में भारी संख्या में देशवासियों की भीड़ उमड़ी। बॉर्डर पर आज हर तरफ देशभक्ति का रंग दिखाई दिया। दर्शक दीर्घा में भारी संख्या में दर्शक तिरंगा लिए मौजूद रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम देखा।

अन्य दिनों के मुकाबले सोमवार की शाम आयोजित रिट्रीट सेरमनी भी अलग रही। सेना के जवानों के अलावा देश प्रेमियों ने भी अपने अपने ढंग से देशभक्ति का इजहार किया। इस बार ऑपरेशन सिंदूर के चलते दोनों देशों ने न गेट खोले और न मिठाई का आदान प्रदान किया। सैनिकों ने बाइक पर पिरामिड बनाकर अलग-अलग स्टंट करते हुए लोगों की तालियां बटोरी। बीएसएफ के जवानों ने पूरे जोश के साथ परेड में भाग लिया। बीएसएफ के डॉग ने अटारी सीमा पर ऊंची उड़ान, कठिन डगर व अडिग कदम का परिचय देते हुए साहसिक कारनामे दिखाए, तो लोगों ने अपने मोबाइल में उसे कैद किया।

बॉर्डर पर बीएसएएफ की महिला सैनिकों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। जोश व साहस का परिचय देते हुए युवाओं ने कड़ाके की ठंड में केवल एक लंगोट पहनकर हाथ में तिरंगा लेकर मलखंभ की प्रस्तुति दी, तो देश विदेश से आए हुए नागरिकों ने खड़े होकर उनका उत्साहवर्धन किया। सेरेमनी की खास बात यह रही कि निहंगों की एक टोली ने बॉर्डर पर गतका भी पेश किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद सम्मानपूर्वक दोनों देशों के झंडे उतारे गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story