इंडो-नेपाल सीमा पर छह संदिग्ध गिरफ्तार, भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद
बहराइच, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय रुपईडीहा थाना पुलिस ने बुधवार को इंडो नेपाल की अतंरराष्ट्रीय सीमा से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 लाख भारतीय और करीब 69 लाख नेपाली मुद्रा बरामद की गई।
रुपईडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए संदिग्धों की पहचान नेपाल के प्रताप सिंह जायसवाल, राजेश प्रसाद सोनार, बहरइाच (उत्तर प्रदेश) के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के निवासी राम गाेपाल, दीपक कुमार निषाद, विजय कुमार अग्रवाल, और माेतीलाल के रूप में हुई है। ये लोग भारतीय मुद्रा लेकर नेपाली मुद्रा में परिवर्तित कर सीमा पार करने की फिराक में थे। हालांकि बरामद हुई धनराशि का आरोपित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद इसकी जानकारी उच्चधिकारियों को देने के साथ आयकर विभाग को भी सूचित किया गया है। मामले में एसएसबी, एलआईयू एवं आयकर विभाग की टीम आरोपितों से पूछताछ में जुटी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

