इंडिगो विमान की दिल्ली हवाईअड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
इंडिगो विमान की दिल्ली हवाईअड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे इंडिगो के एक विमान को शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसमें सवार 161 यात्री और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। दमकलकर्मियों को सुबह करीब 10:53 बजे आपातकालीन स्थिति की सूचना मिली जिसके बाद पांच गाड़ियां रनवे पर तैनात कर दी गयीं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इंडिगो का एक विमान विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहा था, तभी उसमें इंजन फेल होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। विमान को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा गया।

इंडिगो के विमान संख्या 6ई 579 ने सुबह 8:39 बजे विशाखापत्तनम से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। सफर के दौरान अचानक विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। हवा में विमान का एक इंजन फेल होने की खबर मिलते ही उसमें सवार यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया, जिसके बाद इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय किए गए। सुरक्षा के लिहाज से रनवे नंबर 28 को खाली कराकर हाई अलर्ट पर रखा गया।

पायलट ने सिंगल इंजन के सहारे विमान को संतुलित रखते हुए सुरक्षित लैंड कराया। विमान के जमीन छूते ही सभी 161 यात्रियों और चालक दस के सदस्यों ने राहत की सांस ली।

इंडिगो प्रवक्ता ने इस घटना पर बयान में कहा, लैंडिंग से कुछ ही देर पहले तकनीकी खराबी का पता चला था। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत पायलटों ने प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग का अनुरोध किया और विमान सुरक्षित रूप से उतर गया। फिलहाल विमान की आवश्यक जांच और रखरखाव जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story