दिल्ली में सजेगा 'इंडी हाट 2026', गिरिराज सिंह करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। भारत की सदियों पुरानी कला, हथकरघा और हस्तशिल्प की अनूठी विरासत को दुनिया के सामने पेश करने के लिए देश की राजधानी में 'इंडी हाट 2026' का भव्य आयोजन होगा।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 10 से 19 जुलाई तक चलने वाले इस उत्सव का 13 जुलाई को उद्घाटन करेंगे।

वस्त्र मंत्रालय अनुसार यह आयोजन नई दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी में किया जाएगा, जो 'आत्मनिर्भर भारत' और 'वोकल फॉर लोकल' अभियानों को एक नई उड़ान देगा।

इस बार का 'इंडी हाट' बेहद खास है क्योंकि यह भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र सम्मेलन 'भारत टेक्स 2026' के साथ मिलकर आयोजित हो रहा है।

भारत टेक्स 2026 14 से 17 जुलाई तक प्रगति मैदान के 'भारत मंडपम' में चलेगा।

भारत मंडपम में आने वाले दुनिया भर के 7 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.30 लाख से ज्यादा दर्शक इस 'इंडी हाट' का भी रुख करेंगे। इसके लिए वैश्विक खरीदारों की आधिकारिक किट में इंडी हाट का ई-निमंत्रण भी भेजा गया है।

इस पूरे हाट को राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) ने बहुत ही आधुनिक और आकर्षक तरीके से डिजाइन किया है, ताकि पारंपरिक कला आज के जमाने के हिसाब से चमके।

देश के कोने-कोने से आए 48 बेहतरीन कारीगर और बुनकर अपने हाथ से बने उत्पादों का लाइव प्रदर्शन करेंगे।

निफ्ट के पूर्व छात्रों के 12 बड़े डिजाइन-आधारित ब्रांड भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शनी में कपड़े और शिल्प के 20 हजार से ज्यादा नायाब उत्पादों को देखने और खरीदने को मिलेंगे।

अगर आप कला के शौकीन हैं, तो यहां आपको भारत की विविधता का असली रंग देखने को मिलेगा। इस हाट में ये प्रमुख कलाएं शामिल हो रही हैं। इनमें गुलाबी मीनाकारी, डोकरा धातु शिल्प, उस्ता कला, पिछवाई कला, सोजनी कढ़ाई, जयपुर के ब्लू पॉटरी, चांदी की फ़िलिग्री, चेरियल और मैसूर की पारंपरिक पेंटिंग्स, चंदन शिल्प, कांथा कढ़ाई, जामदानी साड़ियां, और ओडिशा का मशहूर इकत शामिल हैं।

यहां आने वाले लोग न सिर्फ इन चीजों को खरीद पाएंगे, बल्कि कारीगरों को अपनी आँखों के सामने इन्हें बनाते हुए भी देख सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story