होर्मुज स्ट्रेट के पास नौका में आग लगने से भारतीय नाविक की मौत, चार घायल

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य (होर्मुज स्ट्रेट) के पास आम सामान ले जा रही एक लकड़ी की नौका (धौ) आग लगने के बाद पलट गई। हादसे में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। नौका पर कुल 18 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार सामान लेकर जा रही यह लकड़ी की नौका गुरुवार को आग लगने के बाद पलट गई। आग लगने के सही कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक अन्य पोत ने चालक दल के सदस्यों को बचाया। घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। घायलों का दुबई में इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं।

भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने बचाए गए भारतीय नागरिकों से शुक्रवार रात मुलाकात की और नौका मालिक के भी संपर्क में हैं। वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story