विशेष अभियान 6 में रेलवे ने कई प्रमुख लक्ष्य हासिल किए, 5,884 स्टेशनों पर हुआ रेल जन संवाद
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान 6 के तहत स्वच्छता, कबाड़ निस्तारण, ई-कचरा प्रबंधन और लंबित मामलों के निपटारे सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रमुख लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। यह अभियान 31 अक्टूबर को समाप्त होगा।
रेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि दो से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान लंबित मामलों के निपटारे, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों से स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में प्रतिक्रिया एवं सुझाव लिए गए।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विभिन्न हितधारकों से संवाद किया, जबकि प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के सचिव ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मंत्रालय के अनुसार, इस पहल से स्थानीय स्तर पर यात्रियों की समस्याओं की पहचान करने और यात्री सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का अवसर मिला।
अभियान के समापन से पहले भारतीय रेलवे इसके तहत हासिल उपलब्धियों को मजबूत करने और अपनाई गई बेहतर कार्यप्रणालियों को जारी रखने पर ध्यान दे रहा है। इसके तहत स्वच्छता बनाए रखने, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण और यात्री सेवाओं में सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

