पाकिस्तान की गुरुधाम यात्रा पर 22 नवंबर को जाएगा भारतीय श्रद्धालुओं का जत्था

WhatsApp Channel Join Now

- पंजाब के 1828 श्रद्धालुओं ने पासपोर्ट पाकिस्तान उच्चायोग में जमा करवाए

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पाकिस्तान स्थित उनके जन्मस्थान गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में मनाने के लिए भारत से सिख श्रद्धालुओं का जत्था 22 नवंबर को रवाना होगा। 10 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के पासपोर्ट बुधवार को दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में जमा करवाए गए। जत्थे में पंजाब समेत भारत के अलग-अलग राज्यों से सिख श्रद्धालु शामिल होंगे।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंजाब के सिख श्रद्धालुओं के 1,828 पासपोर्ट जमा करवाए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से 557, उत्तराखंड की सिख संगतों के 254 और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के 150 पासपोर्ट जमा करवाए गए हैं। झारखंड से 12 और गुजरात से दो श्रद्धालुओं के पासपोर्ट जमा करवाए गए हैं।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और विभिन्न राज्यों की सिख संगतों की ओर से श्रद्धालुओं के पासपोर्ट जमा करवाए गए हैं। अब श्रद्धालुओं को पाकिस्तान जाने के लिए वीजा जारी होने का इंतजार रहेगा। वीजा मिलने के बाद जत्था निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर को दस दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए रवाना होगा।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में माथा टेकना और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होना है। इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्री दरबार साहिब के मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी मौजूद रहे। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से परमजीत सिंह चडोक और रणधीर सिंह भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story