नौसेना ने लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के 50 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया

WhatsApp Channel Join Now
नौसेना ने लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के 50 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया


नौसेना ने लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के 50 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया

- सुपर कॉन्स्टेलेशन से पी-8आई तक समुद्री निगरानी में भारतीय नौसेना की पांच दशक लंबी यात्रा

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय नौसेना अपनी लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों की स्वर्ण जयंती का उत्सव मना रही है। इन पांच दशकों में नौसेना ने भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए हवाई निगरानी और सतर्कता के जरिए बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान भारतीय नौसेना के विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, विजय, पराक्रम और सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों के साथ-साथ समुद्री डकैती विरोधी अभियानों और खोज एवं बचाव मिशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भारतीय नौसेना ने बुधवार को अपनी लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के पांच दशक पूरे किये हैं। दरअसल, पाकिस्तान के साथ 1971 के युद्ध के बाद नौसेना को ऐसे तट-आधारित समुद्री गश्ती विमानों की आवश्यकता महसूस हुई, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें। इसके बाद भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी की समुद्री टोही की जिम्मेदारी संभाली। 18 नवंबर, 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई, जिसे ‘अल्बाट्रॉस’ के नाम से जाना जाता है। इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित किए गए पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से लैस किया गया था।

भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने की उपलब्धि भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए पांच दशकों से जारी हवाई निगरानी और सतर्कता का प्रतीक है। वर्ष 1977 में इल्यूशिन Il-38 विमानों को शामिल किए जाने से नौसेना की समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता मजबूत हुई। इसके बाद वर्ष 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों को शामिल किया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की गश्त की पहुंच और अधिक विस्तृत हो गई। वर्ष 2013 में अरक्कोणम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8I विमानों को शामिल करना एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि साबित हुआ। इन विमानों ने व्यापक क्षेत्र में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही (आईएसआर), पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमताओं को और अधिक उन्नत बनाया।

पिछले पांच दशकों के दौरान भारतीय नौसेना के एलआरएमआर विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, विजय, पराक्रम और सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों के साथ-साथ समुद्री डकैती विरोधी अभियानों और खोज एवं बचाव मिशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में आईएनएस राजाली, अरक्कोणम के आईएनएएस 312 में पी-8I और आईएनएस हंसा, गोवा में तैनात आईएनएएस 316 के विमान हिंद महासागर और उससे आगे के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के साथ-साथ भारत के समुद्री हितों की रक्षा कर रहे हैं। यह स्वर्ण जयंती उन सभी पीढ़ियों के नौसैनिक विमान चालकों, मिशन क्रू, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों के समर्पण, प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता को सम्मानित करती है, जिन्होंने पांच दशकों में इस महत्वपूर्ण क्षमता का निर्माण और उसे बनाए रखने में योगदान दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779001 Articles

Share this story