ईरान से 312 भारतीय मछुआरे सुरक्षित स्वदेश लौटे

WhatsApp Channel Join Now
ईरान से 312 भारतीय मछुआरे सुरक्षित स्वदेश लौटे


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। ईरान में फंसे 312 भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्ते सुरक्षित स्वदेश लौटे हैं।

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि ईरान से 312 भारतीय मछुआरों को सुरक्षित भारत लाया गया है। उन्होंने आर्मेनिया सरकार और वहां के विदेश मंत्री अरारात मिर्जोयान का विशेष आभार जताया। जयशंकर ने कहा कि आर्मेनिया के सहयोग से ही यह कठिन अभियान संभव हो पाया।

यह पूरा ऑपरेशन विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन सहित कई एजेंसियों के समन्वय से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

ये मछुआरे लंबे समय से ईरान में विभिन्न कारणों से फंसे हुए थे। भारत सरकार ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। पहले उन्हें ईरान से निकालकर आर्मेनिया पहुंचाया गया, जहां से विमान के जरिए भारत लाया गया। इस दौरान सभी जरूरी कागजी प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। यात्रा के दौरान उनके खाने-पीने, स्वास्थ्य जांच और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।

इससे पहले 5 अप्रैल को पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच ईरान में फंसे कुल 345 भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्ते सुरक्षित चेन्नई पहुंचे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story