कैप्टन स्मिथ के परिवारजनों से भारतीय राजनयिकों ने की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
कैप्टन स्मिथ के परिवारजनों से भारतीय राजनयिकों ने की मुलाकात


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और वाणिज्य दूत डॉ. ई विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से मुलाकात की और कॉकपिट में हुई घटना में लगी चोटों के बाद उनकी स्थिर रिकवरी के बारे में जानकारी दी। कैप्टन का परिवार दुबई में रहता है। दुबई में भारत के वाणिज्य दूतावास के आधिकारिक पोस्ट में इसकी जानकारी दी गई है।

मुंबई के फ्लाईदुबई पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट एफजेड1073 पर ओमानी को-पायलट के हमले का सामना किया। घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे क्रू और यात्री हमलावर को काबू में कर सके और 174 लोगों की जान बचाई।

दीपक मित्तल ने एक्स पर कहा, “हम कैप्टन स्मित पर गर्व करते हैं, जिन्होंने कई लोगों की जान बचाकर एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। हमने अभी-अभी उनके परिवार से मुलाकात की और उन्हें संवेदनाएं व्यक्त कीं। हमने भारतीय नायक के कल्याण और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने में भारत सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन भी दिया।”

विमान ने सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग की। भारतीय अधिकारी यूएई और सऊदी अथॉरिटीज के साथ उनके इलाज के लिए समन्वय जारी रखे हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू समेत विश्व नेताओं ने उनके साहस की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story