राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की बधाई दी
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में उपराष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा में निरंतर ऊर्जा की कामना की। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उपराष्ट्रपति देश को ‘विकसित भारत’ बनाने के सामूहिक संकल्प को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही को अधिक प्रभावी और उत्पादक बनाने के उनके प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण और गरीबों व वंचितों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन समर्पण, अनुशासन और स्पष्ट उद्देश्य से प्रेरित रहा है। मोदी ने उपराष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए देश सेवा में उनके निरंतर योगदान की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

