भारत-अमेरिका व्‍यापार समझौते से किसानों को नुकसान नहीं, डेयरी और कृषि क्षेत्र पूरी तरह संरक्षित: पीयूष गोयल

WhatsApp Channel Join Now
भारत-अमेरिका व्‍यापार समझौते से किसानों को नुकसान नहीं, डेयरी और कृषि क्षेत्र पूरी तरह संरक्षित: पीयूष गोयल


नई दिल्‍ली, 03 फरवरी (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए अवसरों का सृजन होगा। गोयल ने दावा किया कि व्‍यापार समझौते से भारत के डेयरी और कृषि क्षेत्र को संरक्षण मिला है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से टैरिफ को लेकर ताजा घोषणा के बाद केंद्रीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री ने आज यहां मीडिया के समक्ष समझौते का पूरा ब्‍यौरा रखा। गोयल ने कहा क‍ि यह व्‍यापार समझौता वास्तव में भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला है।उन्होंने कहा कि वे इस बारे में संसद में बोलना चाहते थे लेकिन विपक्षी सदस्यों की तरफ से संसद में किए गए हंगामे के कारण ऐसा नहीं हो पाया।

भारत पर टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी किए जाने पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने नए घोषित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को सबसे अच्छा सौदा बताया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अच्छे संबंधों को दिया और जोर देकर कहा कि बातचीत के दौरान भारत का राष्ट्रीय हित सबसे ऊपर रहा।

गोयल ने कहा, आज देशभर में हर भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिका के साथ मजबूत व्‍यापार समझौता पक्‍का करने के लिए धन्यवाद दे रहा है। उन्होंने आगे कहा, राष्ट्रीय और सार्वजनिक हित सबसे आगे रखते हुए एक डील फाइनल की गई है, जो मजबूत भारत के भविष्य को ताकत देगी। इस समझौते को शानदार बताते हुए वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि इससे भारत की अर्थव्यवस्था और इंडस्ट्री के लिए बड़े मौके खुलेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story