प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब पर हमलों की निंदा की, क्षेत्रीय शांति बहाली पर जोर
नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत के बाद सऊदी अरब पर हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि उन्होंने पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ विस्तृत चर्चा की।
मोदी ने कहा, “भारत सऊदी अरब पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करता है, जो उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है। हमने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली अत्यंत आवश्यक है।”
प्रधानमंत्री ने कठिन समय में भारतीय समुदाय के कल्याण का ध्यान रखने के लिए सऊदी नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।
दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत को पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत ने एक बार फिर क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और संवाद के माध्यम से समाधान पर बल दिया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

