भारत ने सऊदी अरब पर हूती आतंकवादियों के हमले की निंदा की

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। भारत ने सऊदी अरब में आम नागरिकों एवं आर्थिक केन्द्रों पर यमन स्थित हूती आतंकवादियों द्वारा हमलों को क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता को कमजोर करने वाला बताते हुए कड़ी निंदा की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सऊदी अरब में मंगलवार को हूती आतंकवादियों के हमलों की खबरों पर बुधवार को मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भारत सऊदी अरब के संप्रभु क्षेत्र पर हुए हमलों की, खासकर आम नागरिकों और आर्थिक सुविधाओं को निशाना बनाए जाने की निंदा करता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे हमले, जो क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं और बाब-अल-मंदेब में आवाजाही की आज़ादी के लिए खतरा पैदा करते हैं, उन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि ईरान समर्थित हूती आतंकवादियों ने मंगलवार को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, किंग खालिद एयर बेस और आभा और जिजान में सरकारी तेल कंपनी अरामको की सुविधाओं पर हमले किए। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हुए। कुछ घंटों बाद सऊदी अरब ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिमी यमन में हूती इलाकों पर हमले किए।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा की। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा, हम दक्षिणी सऊदी अरब में कई जगहों पर हूती के सीमापार हमलों की निंदा करते हैं।

यूरोपीय संघ ने हूती से हमले बंद करने का आग्रह करते हुए सऊदी अरब पर हुए उन हमलों की निंदा की जिनमें तेल सुविधाओं को निशाना बनाया गया और दर्जनों लोग घायल हो गए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Share this story