रियाद के वित्तीय जिले पर हमले की भारत ने की कड़ी निंदा, दो भारतीय घायल

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के वित्तीय जिले में एक इमारत पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत 24 नवंबर को रियाद के वित्तीय जिले की एक इमारत पर हुए हमले और सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक तथा ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे लगातार हमलों की कड़ी निंदा करता है।

बयान के अनुसार, रियाद के वित्तीय जिले पर हुए हमले में दो भारतीय भी घायल हुए हैं। भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।

भारत ने कहा कि इस तरह के हमलों से आम नागरिकों का जीवन गंभीर खतरे में पड़ता है। ये हमले सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करने के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को भी प्रभावित करते हैं। भारत ने ऐसे हमलों को तत्काल रोकने का आह्वान किया है।

बयान में कहा गया है कि भारत सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ अपनी दृढ़ एकजुटता दोहराता है। साथ ही सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता तथा वहां के नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उसके प्रयासों को अपना अटूट समर्थन देता है।

भारत ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story