डाक विभाग की 24 और 48 घंटे की स्पीड पोस्ट सेवा का शुभारंभ, अब देश के 6 शहरों में होगी तय समय में डिलीवरी
नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश के 6 प्रमुख शहरों में 24 और 48 घंटे में गारंटीकृत वितरण देने वाली डाक विभाग की नई सेवाओं ‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के तहत अब दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में रिकॉर्ड समय में पार्सल पहुंचाया जाएगा। देरी होने की स्थिति में उपभोक्ता को पूरा शुल्क वापस किया जाएगा।
डाक विभाग के यहां मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी और विभाग की सचिव वंदिता कौल भी मौजूद रहीं।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश के 6.5 लाख गांवों, हर तहसील और तालुका में यदि परिवार के सदस्य से भी अधिक किसी संस्था पर भरोसा किया जाता है, तो वह ग्रामीण डाक सेवा है। यही भरोसा डाक विभाग की सबसे बड़ी ताकत है। सिंधिया ने जोर देकर कहा कि दुनिया में डाक विभाग जैसा इतना बड़ा और गहराई तक फैला नेटवर्क किसी अन्य देश के पास नहीं है। यह नेटवर्क देश के अंतिम छोर तक अपनी पहुंच बनाए हुए है।
सिंधिया ने कहा कि यह सेवा डाक विभाग के लिए एक नए युग की शुरुआत है। आज देश के अंतिम व्यक्ति तक स्मार्टफोन पहुंच चुका है और ई-वाणिज्य तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में यह बाजार लगभग 11 लाख करोड़ रुपये का है, जो 2030 तक 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में तेज और भरोसेमंद वितरण प्रणाली की आवश्यकता और बढ़ जाती है। नई सेवाएं आम लोगों, छोटे व्यापारियों और ऑनलाइन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए बड़ा बदलाव साबित होंगी।
संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि अब पार्सल केवल सामान नहीं होंगे, बल्कि उनके साथ डाक विभाग का भरोसा भी यात्रा करेगा। देश में औसतन 300 मिलियन भारतीय पार्सल सेवाओं का उपयोग करते हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। नई सेवाएं न केवल वितरण को तेज बनाएंगी, बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि डाक विभाग देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और छोटे व्यापारियों को विश्वसनीय लॉजिस्टिक सहयोग प्रदान करेगा।
इन सेवाओं को और सुरक्षित तथा आधुनिक बनाने के लिए संदेश आधारित निगरानी और एक बार पासवर्ड आधारित वितरण जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। पार्सल वितरण के समय प्राप्तकर्ता को एकबारगी पासवर्ड दिया जाएगा, जिसे बताने के बाद ही वितरण पूरा होगा। साथ ही भेजने वाले को संदेश के माध्यम से हर चरण की जानकारी मिलती रहेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

