नौ महीने से कम समय में देश में एचपीवी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गईं

WhatsApp Channel Join Now
नौ महीने से कम समय में देश में एचपीवी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गईं


नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। देश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। अभियान के तहत 14 वर्ष की किशोरियों को मुफ्त और स्वैच्छिक रूप से एचपीवी टीके की एक खुराक दी जा रही है। अब तक निर्धारित लक्ष्य का करीब 87 प्रतिशत हासिल किया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी में इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत माता-पिता की सहमति से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की लड़कियों का टीकाकरण किया जा रहा है। अभियान का वार्षिक लक्ष्य भारतीय महापंजीयक के 2021 के जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर करीब 1.2 करोड़ किशोरियों का टीकाकरण करना है।

गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने निर्धारित लक्षित समूह का 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया है। अन्य राज्यों में असम ने 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना ने 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक ने 93.16 प्रतिशत और उत्तराखंड ने 90.17 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है। छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। केरल में 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत, ओडिशा में 74.90 प्रतिशत और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में 72.99 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है।

कुल टीकाकरण की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। वहां 29.33 लाख से अधिक किशोरियों को टीका लगाया गया है। बिहार में 13.70 लाख से अधिक और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक किशोरियों का टीकाकरण हुआ है।

मंत्रालय ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय के साथ जिला प्रशासन, स्वास्थ्य संस्थानों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका रही है। ग्रामीण, शहरी और दूरदराज के क्षेत्रों में टीकाकरण की पहुंच बढ़ाने के लिए राज्यों ने स्थानीय जरूरतों के अनुसार प्रयास किए हैं। बिहार, तमिलनाडु और सिक्किम की राज्य स्तरीय पहल को भी राष्ट्रीय अभियान के साथ जोड़ा गया है।

अभियान में यू-विन डिजिटल मंच की भी अहम भूमिका है। इसके जरिए टीकाकरण की प्रगति की वास्तविक समय में निगरानी, लाभार्थियों का रिकॉर्ड और टीकाकरण प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। अभिभावक इस मंच के माध्यम से अपनी बेटियों के टीकाकरण के लिए समय भी बुक कर सकते हैं। इससे जिला स्तर पर टीकाकरण की कमी वाले क्षेत्रों और छूट गई पात्र किशोरियों की पहचान करने में मदद मिल रही है।

मंत्रालय के अनुसार ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के कुछ उच्च जोखिम वाले प्रकारों का लगातार संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामलों का कारण बनता है। एचपीवी टीकाकरण इस संक्रमण और इससे जुड़े कैंसर के खतरे को कम करने के प्रभावी उपायों में शामिल है। दुनिया भर में एचपीवी टीके की 80 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

टीकाकरण सत्र निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में आयोजित किए जा रहे हैं। किसी भी दुर्लभ प्रतिकूल घटना से निपटने के लिए टीकाकरण केंद्रों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं वाले केंद्रों से जोड़ा गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780750 Articles

Share this story