भारत ने पाकिस्तान के जानबूझकर बाढ़ लाने के दावों का खंडन किया

WhatsApp Channel Join Now
भारत ने पाकिस्तान के जानबूझकर बाढ़ लाने के दावों का खंडन किया


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तानी मीडिया के उन दावों का खंडन किया है जिसमें कहा गया है कि भारत जानबूझकर वहां पर बाढ़ ला रहा है। उन्होंने कहा कि चेनाब नदी में जल स्तर के बढ़ने का स्पष्ट कारण मानसूनी बारिश है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा कि 20 से 23 जुलाई के दौरान चेनाब नदी में के बहाव में वृद्धि हुई। इसका कारण जम्मू और उसके आसपास के क्षेत्र में भारी मानसूनी बारिश रही।

प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के अपने बाढ़ पूर्वानुमान प्रभाग (लाहौर) ने 22 जुलाई को जारी अपनी बाढ़ चेतावनी में चेनाब नदी में बाढ़ के ऊंचे स्तर का कारण ऊपरी जल क्षेत्र में हुई भारी बारिश को ही बताया था। इसमें यह भी कहा गया था कि मराला में पानी का तेज बहाव बना रहेगा और बारिश कम होने पर यह धीरे-धीरे घटेगा।

उन्होंने कहा कि मौसम की वजह से आई बाढ़ की इस घटना को ऊपरी क्षेत्र से की गई छेड़छाड़ के रूप में पेश करने की कोशिशें गलत और तकनीकी रूप से आधारहीन है। यह पाकिस्तान की अपनी आधिकारिक बाढ़ चेतावनियों के भी खिलाफ है।

बाढ़ की चेतावनी को लेकर प्रवक्ता ने कहा कि नदी का बहाव असाधारण स्तर तक नहीं पहुँचा था। इसके चलते कोई विशेष चेतावनी जारी करने की जरूरत नहीं पड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story