भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर प्रगति तेज, प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर प्रगति तेज, प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा


भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर प्रगति तेज, प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा


याउंडे, 29 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विश्व व्यापार संगठन के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड माइकल मैक्ले के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर प्रगति और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित न्यूजीलैंड यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। न्यूजीलैंड ने इस यात्रा को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों और पहलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान न्यूजीलैंड एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी भी करेगा।

दोनों पक्षों ने हाल ही में संपन्न भारत-न्यूजीलैंड एफटीए के हस्ताक्षर की दिशा में प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही एफटीए के बाहर भी व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से कृषि और खेल क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा हुई। भारत के किसानों को कीवी और सेब की खेती का प्रशिक्षण देने जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

डब्ल्यूटीओ एजेंडे पर चर्चा करते हुए भारत ने सदस्य-आधारित संगठन के रूप में डब्ल्यूटीओ की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया। पीयूष गोयल ने कहा कि सुधार प्रक्रिया का नेतृत्व सामान्य परिषद को करना चाहिए। दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन पर कस्टम ड्यूटी के मोराटोरियम और निवेश सुविधा समझौते जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

भारतीय पक्ष ने ने डब्ल्यूटीओ की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पुराने वादों और प्रतिबद्धताओं पर स्पष्ट प्रगति की आवश्यकता पर बल दिया। न्यूजीलैंड ने भारत की चिंताओं को स्वीकार करते हुए कहा कि सदस्य देशों के बीच सक्रिय संवाद से संगठन की कार्यक्षमता बनाए रखी जा सकती है।

इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने न्यूजीलैंड के उप सचिव वेंगेलिस वितालिस के साथ द्विपक्षीय बैठक कर व्यापारिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story