भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति

WhatsApp Channel Join Now
भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति


याउंडे, 29 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कैमरून के याउंडे में आयोजित विश्व व्यापार संगठन के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान यूरोपीय संघ के व्यापार आयुक्त मारोस शेफचोविच के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों पक्षों ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को शीघ्र अंतिम रूप देने और द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बैठक में डब्ल्यूटीओ के सुधारों की आवश्यकता पर भी सहमति बनी। पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि डब्ल्यूटीओ सुधार एजेंडा पूरी तरह सदस्य देशों द्वारा संचालित होना चाहिए। दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन पर कस्टम ड्यूटी के मोराटोरियम और निवेश सुविधा समझौते को शामिल करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

भारत-ईयू एफटीए की प्रगति की समीक्षा करते हुए गोयल ने दोनों पक्षों के व्यावहारिक दृष्टिकोण की सराहना की, जिससे वार्ताएं समयबद्ध और पारस्परिक लाभ के आधार पर पूरी हो सकीं। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएं, ताकि इसके लाभ भारत और यूरोपीय संघ के व्यवसायों और नागरिकों तक शीघ्र पहुंच सकें।

इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी अपने यूरोपीय समकक्ष सेबिन वेयांड (डीजी-ट्रेड) के साथ द्विपक्षीय बैठक कर व्यापारिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story