पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे को तोड़े जाने की भारत ने की कड़ी निंदा

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे को तोड़े जाने की भारत ने की कड़ी निंदा


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। भारत ने पाकिस्तान के फारूक़ाबाद में 125 साल पुराने गुरुद्वारे श्री गुरु सिंह सभा साहिब को तोड़े जाने की खबरों को ‘बेहद परेशान’ करने वाली ‘बेहद निंदनीय और सोची-समझी हरकत’ बताते हुए इस मामले की जांच कराने और दोषियों को सजा देने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि सिखों के इस पवित्र धार्मिक स्थल के खिलाफ़ की गई तोड़-फोड़ की हम ‘कड़ी निंदा’ करते हैं। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों या इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने की खबरों पर भी ‘गंभीर चिंता’ व्यक्त की है।

प्रवक्ता ने कहा, “दुर्भाग्य से यह कोई अकेली घटना नहीं है, क्योंकि हमने पहले भी ऐसी खबरें देखी हैं। पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।”

प्रवक्ता ने कहा कि हम पाकिस्तान सरकार से मांग करते हैं कि वह इस मामले की जल्द से जल्द जांच करे और इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वालों को सज़ा दिलाए। गुरुद्वारा साहिब के तोड़े गए हिस्सों को जल्द से जल्द ठीक करके फिर से बनाया जाना चाहिए। इसके अलावा पाकिस्तान सरकार अपने अल्पसंख्यक समुदायों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने की अपनी ज़िम्मेदारी निभाए और पाकिस्तान में फैले सांप्रदायिक हिंसा और धार्मिक असहिष्णुता के माहौल को पूरी तरह खत्म करे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story