भारत ने चीन से तिब्बत में नदियों पर बांध परियोजनाओं का विवरण देने की मांग दोहरायी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। भारत ने चीन से फिर आग्रह किया है कि वह सीमापार नदियाें के ऊपरी प्रवाह में तिब्बत में निर्माणाधीन परियाेजनाओं के तकनीकी विवरण साझा करे और इसके लिए नदियाें पर विशेषज्ञ स्तर के तंत्र की बैठक जल्द से जल्द आयाेजित करे।

भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र (डब्ल्यूएमसीसी) की गुरुवार काे यहां हुई 36वीं बैठक में भारत ने यह मांग उठायी। बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में पूर्वी एशिया मामलों के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने किया, जबकि चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के सीमा एवं महासागरीय मामलों के विभाग की महानिदेशक होउ यानछी ने किया।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में दोनों पक्षों के बीच स्पष्ट और खुलकर चर्चा हुई तथा वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही, इस बात पर बल दिया गया कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की कि वे डब्ल्यूएमसीसी, स्थानीय कमांडर-स्तरीय बैठकों और अन्य सहमत तंत्रों सहित मौजूदा राजनयिक और सैन्य माध्यमों का उपयोग जारी रखेंगे, ताकि लंबित मुद्दों का समाधान किया जा सके और एलएसी के निकट किसी भी गलतफहमी तथा गलत आकलन से बचा जा सके।

विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों पक्षों ने विशेष प्रतिनिधि स्तर की 24वीं वार्ता के परिणामों के अनुसरण में सीमा निर्धारण, सीमा प्रबंधन, तंत्र-निर्माण और सीमा-पार सहयोग से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

सीमा पर शांति एवं स्थिरता बनाये रखने के अलावा भारतीय पक्ष ने सीमा-पार नदियों पर विशेषज्ञ स्तर की तंत्र की अगली बैठक जल्द बुलाए जाने की आवश्यकता दोहराई और तिब्बत क्षेत्र में ऊपरी प्रवाह में चल रही परियोजनाओं से संबंधित तकनीकी विवरण साझा करने के महत्व पर बल दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Share this story