विदेश मंत्री ने अपने बुल्गारियाई समकक्ष के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश व सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
विदेश मंत्री ने अपने बुल्गारियाई समकक्ष के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश व सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा


नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क, निवेश, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और प्रतिभा आवागमन के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बाद दोनों देशों के कारोबारियों के बीच सक्रिय संपर्क बढ़ाने और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) सहित अन्य संपर्क परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि बैठक में काला सागर क्षेत्र की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ एफटीए के बाद कारोबारियों के बीच सक्रिय संपर्क के जरिये आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। विदेश मंत्री ने बैठक की जानकारी साझा करते हुए दोनों देशों के बीच बढ़ते जनसंपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सराहना की। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच गहरे होते संबंधों पर भी चर्चा की।

इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में बुल्गारिया की विदेश मंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया था कि 17 वर्षों बाद बुल्गारिया के किसी विदेश मंत्री की भारत यात्रा दोनों देशों की साझेदारी को नई गति देगी। राष्ट्रपति मुर्मु ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, आवागमन, सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की थी।

बुल्गारिया की विदेश मंत्री 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर हैं। 17 वर्षों में किसी बुल्गारियाई विदेश मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story