प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के राजा से की बातचीत, क्षेत्रीय स्थिति पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा से बातचीत कर पश्चिम एशियाई क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और ऊर्जा तथा नागरिक बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दी जानकारी में बताया कि उन्होंने राजा को ईद अल-फित्र के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और बहरीन की जनता के लिए भी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की वर्तमान परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने क्षेत्र में ऊर्जा और नागरिक ढांचे पर हो रहे हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इनका वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

बातचीत के दौरान समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और शिपिंग लाइनों को सुरक्षित एवं खुला बनाए रखने के महत्व को भी दोहराया गया।

प्रधानमंत्री ने बहरीन में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए निरंतर समर्थन देने पर राजा का आभार भी व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story