कांग्रेस ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल, अमेरिका के साथ समझौते की आलोचना की

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 21 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की एक बार फिर आलोचना करते हुए मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाया है। पार्टी ने सरकार से पूछा है कि अमेरिका के साथ समझौता करने से पहले वहां के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया? साथ ही यह भी पूछा कि अब क्या समझौते पर पुनर्विचार होगा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार नहीं करने की वजह से हम एक जाल में फंस गए। इसके चलते हमने अमेरिका को बहुत ज्यादा रियायत दे दी। व्यापार समझौते की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हमने भारत के कृषि क्षेत्र को अमेरिकी सामानों के लिए खोल दिया, 500 अरब डॉलर की खरीद और रूस से तेल नहीं खरीदने का वादा कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह बताना चाहिए कि आखिर किस कारण से किसके दबाव में भारत के राष्ट्रीय हितों और रणनीतिक सहायता के साथ समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि अभी भारत सरकार के पास समय है कि वह अपनी नींद से जागे और एक उचित व्यापार समझौता करे।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर अमेरिका के दबाव के आगे झुकते हुए इस व्यापार समझौते पर दोबारा पुनर्विचार नहीं करेंगे।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दुनियाभर के देशों पर लगाए गए टैरिफ को रद्द कर दिया। कोर्ट के इस फैसले से भारत पर लगा 18 प्रतिशत पारस्परिक आयात शुल्क भी अब अवैध घोषित हो गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story