इबोला के चलते भारत-अफ्रीफा शिखर सम्मेलन स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
इबोला के चलते भारत-अफ्रीफा शिखर सम्मेलन स्थगित


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)।

भारत और अफ्रीकी संघ ने अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला के प्रकोप को देखते हुए दिल्ली में 28 से 31 मई तक प्रस्तावित चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को स्थगित कर दिया है। इसकी नई तारीख आपसी विचार-विमर्श के बाद घोषित की जाएगी।

अफ्रीकी संघ के साथ संयुक्त बयान में विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि अफ्रीकी नेताओं और हितधारकों की पूर्ण भागीदारी और सहभागिता सुनिश्चित करने के महत्व को पहचानते हुए और महाद्वीप में उभरती सार्वजनिक स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए शिखर सम्मेलन और संबंधित गतिविधियों के आयोजन के संबंध में भारत सरकार अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच परामर्श किया गया। इन परामर्शों के बाद दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन का आयोजन बाद में करना उचित होगा। शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित बैठकों की नई तिथियों को आपसी विचार-विमर्श के माध्यम से अंतिम रूप दिया जाएगा और उचित समय पर सूचित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है दोनों पक्षों ने अफ्रीका के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य संबंधी बदलती स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया और निरंतर सहयोग के महत्व को दोहराया। इसके अलावा भारत ने अफ्रीका के लोगों और सरकारों के साथ अपनी एकजुटता की पुष्टि की और अफ्रीका सीडीसी के नेतृत्व वाले प्रयासों में योगदान देने की अपनी तत्परता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि इबोला को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' घोषित किया है। हालांकि अभी इसे महामारी का दर्जा नहीं दिया गया है। अफ्रीकी देशों- कांगो, युगांडा और साउथ सूडान में इसके कई मामले सामने आए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story