कंबोडिया में नौकरी तलाश रहे युवा रहें सावधान, विदेश मंत्रालय ने जारी किया परामर्श

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को नौकरी के नाम पर कंबोडिया में जबरन कराए जा रहे अवैध साइबर कार्यों के प्रति आगाह किया है। इससे पहले भी मंत्रालय इस संबंध में बयान जारी कर चुका है। आज जारी बयान में कहा गया है कि केवल अधिकृत एजेंटों के माध्यम से ही दक्षिण पूर्वी एशियाई देश में काम तलाशें।

विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि कंबोडिया में आकर्षक नौकरी के अवसरों के फर्जी वादों से आकर्षित होकर भारतीय नागरिक मानव तस्करों के जाल में फंस रहे हैं। इन भारतीय नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय घोटाले और अन्य अवैध गतिविधियां करने के लिए मजबूर किया जाता है। रोजगार के लिए कंबोडिया जाने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को सावधान किया जाता है कि वे केवल अधिकृत एजेंटों के माध्यम से ही ऐसा करें। यह भी सलाह दी जाती है कि कंबोडिया में भावी नियोक्ता की पृष्ठभूमि की गहन जांच की जाए।

विदेश मंत्रालय ने अपने पिछले वक्तव्य में कहा था कि कंबोडियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए लगभग 250 भारतीयों को बचाकर वापस लाया गया है। इनमें से 75 लोग पिछले तीन महीनों में लाए गए हैं। मंत्रालय का कहना है कि नोम पेन्ह में भारतीय मिशन के माध्यम से, समस्या के समाधान के साथ-साथ प्रभावित भारतीय नागरिकों को निरंतर सहायता प्रदान करने के लिए कंबोडियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप/आकाश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story