होर्मुज जलडमरुमध्य में फायरिंग पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया, ईरानी राजदूत को किया तलब

WhatsApp Channel Join Now
होर्मुज जलडमरुमध्य में फायरिंग पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया, ईरानी राजदूत को किया तलब


होर्मुज जलडमरुमध्य में फायरिंग पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया, ईरानी राजदूत को किया तलब


नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। होर्मुज जलडमरुमध्य में भारतीय जहाजों पर हुई फायरिंग की घटना पर गम्भीर चिंता व्यक्त करते हुए विदेश सचिव ने शनिवार को ईरान के राजदूत को बुलाकर उनसे स्थिति पर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, उनसे ईरानी प्रशासन को भारत के इस रुख से अवगत कराने को कहा गया है कि हमारी ओर आ रहे जहाजों को जल्द से जल्द सुरक्षित रास्ता दिया जाए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के बयान के अनुसार ईरानी राजदूत की विदेश सचिव से मुलाकात में उनसे कहा गया कि घटना से दो व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा ही नहीं बल्कि भारतीय नाविकों की जान भी खतरे में पड़ी।

राजदूत को स्पष्ट बताया गया कि समुद्री व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा को भारत सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और अतीत में ईरान ने भारत से जुड़े कई जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया है।

भारत ने इस घटना पर अपनी गहरी चिंता दोहराते हुए ईरानी पक्ष से आग्रह किया कि वह जल्द से जल्द होर्मुज जलडमरुमध्य से गुजरने वाले भारतीय जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करे।

मंत्रालय के अनुसार ईरानी राजदूत ने भारत की चिंताओं को समझते हुए आश्वासन दिया कि वे नई दिल्ली की बातों को तेहरान तक पहुंचाएंगे।

उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरुमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण मार्ग है और भारत भी अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस पर काफी हद तक निर्भर है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनूप

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story