भारत और बांग्लादेश ने एक-दूसरे की कैद से 151 मछुआरे किए रिहा

WhatsApp Channel Join Now
भारत और बांग्लादेश ने एक-दूसरे की कैद से 151 मछुआरे किए रिहा


नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। भारत और बांग्लादेश ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के कारण हिरासत में लिए गए 151 मछुआरों को मानवीय दृष्टिकोण से आज रिहा किया।

विदेश मंत्रालय की गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार बांग्लादेश ने भारत के 23 मछुआरों और भारत ने बांग्लादेश के 128 को स्वदेश भेजा है। इससे पहले जनवरी और दिसंबर 2025 में भारत ने अपने 142 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित की थी। साथ ही मानवीय दृष्टि से 128 बांग्लादेशी मछुआरों को रिहा किया था।

मंत्रालय का कहना है कि मछुआरों और उनके जहाजों का यह पारस्परिक आदान-प्रदान दोनों पक्षों के मछली पकड़ने वाले समुदायों की मानवीय और आजीविका संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार भारत सरकार भारतीय मछुआरों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च महत्व देती है। बांग्लादेश में कैद के दौरान भारतीय उच्चायोग ने भारतीय मछुआरों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी और उन्हें गर्म जैकेट प्रदान किए। साथ ही उनकी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story