छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कारोबारियों के घर आयकर विभाग की रेड
रायपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। आयकर विभाग ने छत्तीसगढ़ के पांच जिलों—रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग और जांजगीर-चांपा में कई बड़े कारोबारियों के घरों और दफ्तरों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से कर चोरी और वित्तीय अनियमितता की शिकायतों के आधार पर की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रायपुर, नागपुर और भोपाल से आई आयकर विभाग की टीमें सरिया (स्टील), कोयला और कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े बर्बरीक ग्रुप के संचालक श्रवण अग्रवाल और अन्य साझेदारों के घरों व दफ्तरों में दस्तावेज खंगाल रही हैं। इसके साथ ही रायगढ़ इस्पात समूह से जुड़े ठिकानों पर भी जांच शुरू कर दी गई है। रायपुर में रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी छापेमारी की सूचना है। चंदखुरी स्थित बहनाकाड़ी गांव के एक फैक्टरी में दबिश दी गई है। वहीं तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित पीआरए ग्रुप के ऑफिस में छापा पड़ा है। विभाग की टीमें संबंधित दस्तावेजों, कारोबारी लेनदेन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। संबंधित कारोबारियों के व्यावसायिक रिकॉर्ड, आय-व्यय के ब्योरे और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
वहीं, रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात (कमल अग्रवाल) और सन स्टील के दफ्तरों व उद्योगों, तथा बिलासपुर में लोहा कारोबारी जेपी मित्तल के ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। सुबह 5 बजे के आसपास विभाग की अलग-अलग टीमें अलग-अलग इलाकों में पहुंचीं। मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं।
हाल ही में, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में ईओडब्ल्यू - एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की थी। हालांकि, यह छापेमारी कोल लेवी वसूली और सीएसएमसीएल शराब घोटाला मामले में की गई थी। टीम ने डेढ़ दर्जन से ज्यादा स्थानों पर छापा मारा था जिसमें कई कारोबारियों और अधिकारियों के घर-दफ्तर में दस्तावेज खंगाले गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

