अंकिता भंडारी मामले की सीबीआई जांच को लेकर सरकार गंभीर नहीं: गोदियाल

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता भंडारी मामले की सीबीआई जांच को लेकर सरकार गंभीर नहीं: गोदियाल


नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है।

गोदियाल ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार की लिखित मांग के आधार पर सीबीआई जांच का ऐलान किया था, जिसमें हत्यारों को फांसी, मामले में शामिल वीआईपी को सजा और जांच किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग शामिल थी लेकिन जांच से पहले ही किसी अन्य व्यक्ति द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई और उसी आधार पर सीबीआई जांच की बात कही गई, जिससे संदेह पैदा होता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐलान को 15 दिन से अधिक हो चुके हैं लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि मामला सीबीआई को सौंपा गया है या नहीं। इस संबंध में कोई अधिसूचना सार्वजनिक नहीं हुई है और सरकार टर्म ऑफ रेफरेंस को भी स्पष्ट नहीं कर रही।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के ऐलान को 15 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि मामला सीबीआई को सौंपा गया है या नहीं। इस संबंध में कोई आधिकारिक अधिसूचना सार्वजनिक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सीबीआई को प्रतिवेदन भेजा गया है तो उसमें टर्म ऑफ रेफरेंस क्या है, यह स्पष्ट होना चाहिए। सरकार इस मामले में काल्पनिक स्थिति बनाकर जांच करवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय तभी संभव हो सकेगा जब जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से हो।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story