मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का 12 को उद्घाटन करेंगे नितिन नबीन

WhatsApp Channel Join Now
मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का 12 को उद्घाटन करेंगे नितिन नबीन


मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का 12 को उद्घाटन करेंगे नितिन नबीन


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार (12 नवंबर) को मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट उद्घाटन करेंगे। इस घाट का निर्माण दिल्ली सरकार ने कराया है। यह न केवल राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट होगा, बल्कि देश में किसी नहर के किनारे विकसित होने वाला अपनी तरह का पहला और अनूठा आयोजन स्थल भी होगा। सिंगलपुर गांव के निकट लेबर चौक, मुनक नहर, शालीमार बाग में दोपहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री व अन्य उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि मुनक नहर का यह कायाकल्प केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित पड़े क्षेत्र को आस्था, स्वच्छता, हरियाली और जनसुविधाओं के बड़े केंद्र में बदलने का प्रयास है। कभी गंदगी, मलबे और झाड़ियों से घिरी रहने वाली नहर को नया जीवन देने के लिए सरकार ने व्यापक सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अनुपयोगी पड़े नहर के इस हिस्से से करीब 1,400 ट्रक मलबा, कचरा और अन्य गंदगी निकाली गई। इसके दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाकर एक सुंदर और व्यवस्थित छठ घाट विकसित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस परियोजना की लगातार निगरानी की और कई बार मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस भव्य घाट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी लंबाई और सुव्यवस्थित निर्माण है। नहर के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई जा रही हैं ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सूर्योपासना के लिए घाट तक पहुंचने तथा पूजा-अर्चना करने में किसी तरह की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश का प्रबंध किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों के बैठने के लिए बेंच, हरियाली और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा है।

नहर में स्वच्छ पानी के प्रवाह की व्यवस्था की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर फव्वारे भी लगाए जाएंगे। इससे पूरे क्षेत्र को एक नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। नहर के बीच तीन पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे आवागमन और दोनों किनारों के बीच संपर्क को बेहतर बनाया जा सके। परियोजना का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। इस वर्ष छठ महापर्व पर पूरे 11 किलोमीटर क्षेत्र में पूजा-अर्चना की व्यवस्था की जा रही है, जबकि शेष विकास कार्य, पुलों का निर्माण और हरियाली से जुड़े कार्य आगामी दो-तीन महीनों में पूरे करने का लक्ष्य है।

मुनक नहर का यह क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षा का शिकार था। आसपास की कॉलोनियों से कूड़ा-कचरा और निर्माण सामग्री नहर में डाले जाने के कारण यहां गंदगी का अंबार लगा रहता था। लगभग दो दशकों से इसकी समुचित सफाई नहीं हुई थी। सरकार ने नहर के पुनर्जीवन का निर्णय लेकर इसे केवल छठ पूजा के आयोजन स्थल तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एक बड़े सार्वजनिक और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया।

इस परियोजना से शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से पूर्वांचल से जुड़े उन परिवारों के लिए यह एक बड़ी सौगात है, जिनके जीवन में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व है। अब उन्हें पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाओं से युक्त एक विशाल और व्यवस्थित स्थल उपलब्ध होगा। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा विकसित किया जा रहा यह परिसर भविष्य में छठ महापर्व के अलावा आम दिनों में भी लोगों के लिए सैर-सपाटे, बैठने और प्रकृति के बीच समय बिताने का आकर्षक केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर वर्षों से अपने कायाकल्प की प्रतीक्षा कर रही थी। दिल्ली सरकार ने महज एक साल में इसकी तस्वीर बदलने का काम किया है। नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का निर्माण कर इसे छठी मैया के भक्तों की सेवा के लिए समर्पित किया जा रहा है। यह केवल सीढ़ियों, सड़कों और अन्य सुविधाओं का निर्माण नहीं है, बल्कि दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था, परंपरा और भावनाओं का सम्मान है। छठ महापर्व हमारी संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की यह परंपरा हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सामूहिकता का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि छठी मैया के भक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और सुविधाजनक वातावरण मिले, ताकि वे पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ इस महापर्व को मना सकें। सिंगलपुर रोड का विकास और मुनक नहर का पुनर्जीवन क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए सुविधाओं का विस्तार भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story