देश के पूर्वोत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में अगले 6 दिनों तक भारी वर्षा से राहत के आसार नहीं

WhatsApp Channel Join Now
देश के पूर्वोत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में अगले 6 दिनों तक भारी वर्षा से राहत के आसार नहीं


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। देश के पूर्वोत्तर और पश्चिमी क्षेत्रों को अगले 5-6 दिनों तक मूसलाधार वर्षा से राहत नहीं मिलने के आसार हैं। बचाव टीमें संभावित क्षेत्रों में तैनात हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने के आसार हैं। रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तेज रफ्तार हवाएं भी चलने की संभावना है। इस दिन का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री सेल्सियस और 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 30 एवं 31 जुलाई को भी यही स्थिति बनी रहेगी लेकिन इन दोनों दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों और उससे सटे गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल पर बने गहरे दबाव के असर से छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 जुलाई, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 जुलाई और गुजरात क्षेत्र में 31 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत अधिक बारिश (21 सेमी) होने की संभावना है।

देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, मध्य क्षेत्र, पूर्वी क्षेत्र, पूर्वोत्तर क्षेत्र, पश्चिमी क्षेत्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों में अगले 5-6 दिनों के दौरान बहुत अधिक बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मूसलाधार बारिश से कुछ क्षेत्रों में बाढ़ आने की संभावना है। इससे स्थानीय लोगों का जन-जीवन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं कुछ क्षेत्रों में जलभराव हो सकता है जिससे बमुश्किल से यात्रियों के आवागमन कर पाने की संभावना है। इसके अलावा क्षेत्रीय लोगों को तूफानी हवाओं का भी सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल, केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी रख रही हैं। इन क्षेत्रों में आपदाओं से निपटने के तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों और बचाव टीमों को भी निर्देश दिए गए हैं ताकि स्थानीय लोग बाढ़ जैसी समस्या से ना घिरे।

पिछले 24 घंटों में ओडिशा और उत्तराखंड में बहुत अधिक बारिश (21 सेमी), झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी), गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात क्षेत्र, असम, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक, तेलंगाना में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई है। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचावकर्मी लगे हुए हैं। वे स्थानीय लोगों की मदद कर रहे है और जो बेघर हो चुके हैं उन तक खाने-पीने की वस्तुएं, शिविर लगाने और मेडिकल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर क्षेत्रों और पश्चिमी क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा होने से चारों तरफ तबाही ही तबाही है। लोगों के घर डूब चुके है वहीं बाढ़ में कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। इन क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा से आई अचानक बाढ़ में कई जानवर भी बह गए। इनमें से कुछ लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story