तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर की हवा 'खराब' श्रेणी में

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर की हवा 'खराब' श्रेणी में


तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर की हवा 'खराब' श्रेणी में


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी हवाओं के प्रभाव के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य के करीब है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो शाम और रात में घटकर 12 किमी प्रति घंटे रह जाएंगी।

आगामी 23 से 25 नवंबर तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 265, गुरुग्राम का 255, नोएडा का 239 और गाजियाबाद का एक्यूआई 206 रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु में 23-27 नवंबर और केरल में 24-26 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा 25 से 26 नवंबर के बीच लक्षद्वीप में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा 23 से 28 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे, रायलसीमा, तटीय एवं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना (24-26 नवंबर) में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल (23-28 नवंबर), तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा (23-26 नवंबर) में 40 से 50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। केरल और माहे में भी 24 से 26 नवंबर के बीच 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को व्यापक बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसी दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में छिटपुट बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 से 24 नवंबर तक बारिश हो सकती है।

इसके अलावा, उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ और कई ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिनसे मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story