पूर्वोत्तर, प. बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वोत्तर, प. बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने के आसार


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। वहीं, दक्षिण के कुछ हिस्सों में लू और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी में 14,15 और 16 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36-38 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है जबकि 15 जून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, 16 जून को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि आज का मौसम काफी उमस भरा रहा और भीषण गर्मी का असर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। आज मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश कम होने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के क्षेत्रों में काफी भारी बारिश होने का अनुमान है।

मध्य भारत के छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं।

पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और बिहार में 14-15 जुलाई को काफी ज़्यादा से लेकर व्यापक बारिश होने की संभावना है। यहां के कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है।

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम में अगले छह दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम की कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलेंगी जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत अन्य राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों में अगले छह दिनों के दौरान हल्की वर्षा होने के आसार हैं जबकि केरल, माहे और लक्षद्वीप में 18-19 जुलाई को तटीय कर्नाटक में 17-19 जुलाई को काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है।वहीं, 15 जुलाई को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और यनम समेत अन्य क्षेत्रों में 15-17 जुलाई तक तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ जगहों पर 14-15 जुलाई लू चलने की बहुत संभावना है। वहीं, ओडिशा में मंगलवार को, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14-15 जुलाई के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story